Nagraj Darpan

आलोक मिश्रा / मनीष शुक्ला
कानपुर । समाजवादी पार्टी के कारनामों से हर कोई परिचित है। पन्नों को उलटेंगे तो काले कारनामों से इनका इतिहास भरा है। समाजवादी पार्टी की टोपी लाल, लेकिन कारनामे काले हैं। यह लोग इतिहास की पुनरावृत्ति कर रहे हैं। गुंडागर्दी, अराजकता, बेटी-व्यापारी की सुरक्षा पर खतरा पैदा करना इनकी पहचान थी। इनका दिखाने वाला और असली चेहरा अलग है। इनकी वजह से सीसामऊ की जनता को उपचुनाव का सामना करना पड़ रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को राजकीय इंटर कॉलेज चुन्नीगंज में नगर वासियों से संवाद किया। इसके पहले सीएम ने साढ़े सात सौ करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने एक हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र, 5027 लाभार्थियों को 191 करोड़ का ऋण और 8087 युवाओं को टैबलेट व स्मार्टफोन वितरित किया।

अपने कृत्यों की सजा भुगत रहा सपा विधायक

योगी ने कहा कि सपा वाले गरीबों की संपत्ति पर कब्जा व दंगे भड़काते हैं। यहां उस दिन दंगे भड़काने की साजिश हो रही थी, जब इसी माटी के सपूत राष्ट्रपति कानपुर आए थे, तब सीसामऊ का सपा विधायक सीसामऊ व कानपुर को दंगे की आग में झोंकने की साजिश कर रहा था। अब वह अपने कृत्यों की सजा भुगत रहा है। जनता-जनार्दन ने जनादेश पांच वर्ष के लिए दिया, लेकिन अब उपचुनाव झेलना पड़ रहा है। जब भी मौका मिलता है तो सपा अराजकता की मंशा को जाया नहीं होने देती। 

बेशर्म का समर्थन कर रहे थे सपा मुखिया

 सीएम ने कहा कि अयोध्या में सपा नेता निषाद बेटी की इज्जत से खिलवाड़ करता है, लेकिन सपा मुखिया बेशर्म के खिलाफ कार्रवाई की बजाय बेशर्मी से उसका समर्थन कर रहे थे। लखनऊ में एक बेटी पिता के साथ बाइक से जा रही थी, लेकिन बरसात में पानी भरने पर सपा के गुंडे बेटी को गिराने का कार्य करते थे। तब इनके एक नेता ने सदन में कहा था कि सद्भावना ट्रेन चलनी चाहिए, तब मैंने कहा कि माफिया-गुंडों के लिए सद्भावना नहीं, बुलेट ट्रेन चलेगी। सीएम ने कहा कि सपा का तीसरा मॉडल कन्नौज में दिखा। नवाब ब्रांड ही इनकी असली पहचान है। यह अनैतिक तरीके से अर्जित की गई संपत्ति के माध्यम से बेटियों के इज्जत के साथ खिलवाड़ करते हैं। यह आरोपी भी सपा से जुड़ा है। इनके पन्नों को उलटेंगे तो काले कारनामों से इनका इतिहास भरा है। समाजवादी पार्टी की टोपी लाल, लेकिन कारनामे काले हैं। 

बिना घूस नौजवानों ने पाई सरकारी नौकरी

सीएम योगी ने कहा कि बिना सिफारिश और घूस दिए साढे़ सात वर्ष में साढ़े छह लाख नौजवानों ने सरकारी नौकरी प्राप्त की। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को सरकार सीधे जेल में डालती है। उनके बाप-दादा, पुरखों की जमीन जब्त करके गरीबों में बंटवा रहे हैं। युवाओं के नौजवानों के हाथ को काम चाहिए।

सीएम ने विधानसभा अध्यक्ष की तारीफ की

सीएम योगी ने कहा कि कानपुर की माटी के लाल सतीश महाना उप्र विधानसभा के अध्यक्ष हैं। 2017 से 2022 तक औद्योगिक विकास मंत्री के रूप में उन्होंने शानदार कार्य किया। पीएम मोदी के विजन के अनुसार उन्होंने कानपुर को डिफेंस मैन्युफेक्चरिंग के नोड के रूप में विकसित करने के कार्यक्रम को बढ़ाने में योगदान दिया। नवंबर 2017 में मैंने कहा कि औद्योगिक निवेश होना चाहिए। उस समय 20 हजार करोड़ का लक्ष्य था, लेकिन कानून व्यवस्था की सुदृढ़ स्थिति की बदौलत इस बार यूपी ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट में 40 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए।

प्रदेश तय करता है विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था का मॉडल

 योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में डबल इंजन सरकार सुरक्षा, सुशासन व विकास का मॉडल दिया है। आपका वर्तमान उज्ज्वल और भविष्य की नई आकांक्षा के साथ आगे बढ़े। इस विश्वास के साथ डबल इंजन सरकार प्रदेश में कार्य कर रही है। 2017 के पहले के उत्तर प्रदेश पहचान के लिए मोहताज था। अराजकता-गुंडागर्दी यूपी की पहचान बन चुकी है। त्योहारों के पहले दंगे होते थे। बेटी-व्यापारी सुरक्षित नहीं थे। प्रदेश में कोई आना नहीं चाहता था, नौजवान यूपी के बाहर जाता था, उसके सामने पहचान का संकट था। पीएम मोदी के आह्वान पर जनता ने 2017 में प्रदेश में भाजपा को जनादेश दिया। साढ़े सात वर्ष में प्रदेश ने लंबी दूरी तय की। विकास, सुशासन, कानून व्यवस्था का मॉडल अब उत्तर प्रदेश तय करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *