
नगराज दर्पण समाचार
Delhi: पैक सामान के बीच काम करती नजर आईं सीएम आतिशी, मुख्यमंत्री आवास सील होने के बाद की पहली तस्वीर
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर हमला बोलते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि तुमने एक चुने हुए मुख्यमंत्री से उसका दिल्ली की जनता द्वारा दिया हुआ घर तो छीन लिया। लेकिन दिल्ली की जनता के लिए काम करने के जज्बे को कैसे छीनोगे?
पीडब्ल्यूडी ने बुधवार को सिविल लाइंस स्थित 6, फ्लैग स्टाफ रोड पर सीएम आवास सील कर दिया। मुख्यमंत्री आतिशी का सामान बाहर निकाल दिया गया। मुख्यमंत्री आवास सील होने के बाद दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी की पहली तस्वीर सामने आई है। जिसमें आतिशी पैक सामान के बीच काम करती नजर आ रही हैं। सीएम अपने निजी निवास से काम करती नजर आ रही हैं।
संजय सिंह ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि एक चुनी हुई महिला मुख्यमंत्री का सामान भाजपा के एलजी द्वारा मुख्यमंत्री आवास से फिकवा दिया गया। PWD विभाग ने रविवार को ही मुख्यमंत्री आवास की चाबी दे दी थी, तो फिर LG ने किस आधार पर सीएम आतिशी का सामान बाहर फिकवा दिया? भाजपा दिल्ली में 27 साल से वनवास झेल रही है और अब वह मुख्यमंत्री आवास पर कब्जा करना चाहती है। दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को जनादेश दिया है, और यह कृत्य दिल्ली की जनता का अपमान है।उधर, बुधवार शाम सीएमओ की तरफ से बयान जारी किया गया कि एलजी के आदेश पर मुख्यमंत्री आतिशी का सामान उनके आधिकारिक आवास से जबरन बाहर निकाल दिया गया। देश के इतिहास में यह पहली बार हुआ है, जब जनता द्वारा चुने गए मुख्यमंत्री को सीएम कैंप कार्यालय और आवास से जबरन बेदखल कर दिया गया। पीडब्ल्यूडी ने 6 अक्तूबर को सीएम आवास की चाबी आतिशी को सौंप दी थी। इस प्रक्रिया में विभाग ने सभी नियमों और प्रोटोकॉल का पालन किया गया है।