Nagraj Darpan

आस्था को कुचलने वाले आक्रांता नही बन सकते भारत के
आदर्श : योगी

प्रभाकर अवस्थी
कानपुर । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार महापुरुषों के सम्मान और गौरव को आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है। जो व्यक्ति और कौम महापुरुषों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का सम्मान नहीं कर सकता, उसके लिए कोई जगह नहीं है। जिन्होंने भारत की आस्था पर प्रहार किया, सनातन संस्कृति को रौंदा, बहन-बेटियों की इज्जत से खिलवाड़ की। जिन्हें भारत-भारतीयता से नफरत थी और जो आक्रांता बनकर देश की आस्था को कुचल रहे थे, वे भारत के लिए कभी आदर्श नहीं हो सकते।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को बिठूर महोत्सव में पहुंचे। वीर शिरोमणि नानाजी राव पेशवा को समर्पित महोत्सव में मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के तहत कानपुर के 1302 उद्यमियों को 5.42 करोड़ का ऋण वितरण, नवनियुक्त 329 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को नियुक्ति पत्र तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के 127 लाभार्थियों को 6.35 करोड़ सहायता राशि प्रदान की गई। मुख्यमंत्री ने प्रदर्शनी का अवलोकन तथा कवि साहिर योगेश की पुस्तक ‘हम करें राष्ट्र आराधन’ व मोहन जी द्वारा चरित ‘रण धुरंधर नाना साहब पेशवा’ का विमोचन किया। सीएम ने महाराष्ट्र से नानाराव पेशवा की जयंती मनाने बिठूर आए लोगों का स्वागत भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि आक्रांताओं को आदर्श मानने वालों को तनिक भी शर्म महसूस होती है तो इन्हें गणतंत्र दिवस परेड पर इंडोनेशिया के राष्ट्रपति के बयान ( हमारा डीएनए कभी जांचा जाएगा तो यह भारतीय निकलेगा) का स्मरण करना चाहिए। इंडोनेशिया दुनिया का सबसे बड़ा मुस्लिम बाहुल्य देश है। उनका बयान भारत के अंदर विदेशी आक्रांताओं को आदर्श मानने वालों की आंखों को खोलने वाला है। उम्मीद है कि इस बयान के बाद वे लोग भी छत्रपति शिवाजी, महाराणा प्रताप, गुरु गोविंद सिंह आदि महान क्रांतिकारियों के बारे में श्रद्धा का भाव रखते हुए ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ बनाने में योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री ने नानाराव पेशवा की पावन जयंती पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि बिठूर प्राचीन काल से ही भारत की आध्यात्मिक धरोहर की प्रतीक रही है। ब्रह्मा जी ने इस सृष्टि की रचना-अपने तप के लिए बिठूर की भूमि का चयन किया था। लव-कुश का लालन-पालन महर्षि वाल्मीकि के सानिध्य में इसी क्षेत्र में हुआ था। ध्रुवटीला बिठूर में है। मां गंगा के सानिध्य में बसी बिठूर नगरी कानपुर की आत्मा है। नाना जी पेशवा ने इसी धरती को केंद्र बनाकर 1857 की व्यूह रचना की थी। यहां रानी लक्ष्मीबाई ने तीरंदाजी, घुड़सवारी, युद्धकला के गुर इसी धऱती से सीखे थे। यह भूमि क्रांतिकारियों की नई प्रेरणा स्थली बनी थी। बिठूर, छत्रपति शिवाजी, नाना राव पेशवा, रानी लक्ष्मीबाई व तात्या टोपे के नाम पर हर भारतीयों की धमनियों में राष्ट्रभक्ति के रक्त का संचार होता है और हर भारतीय गौरव के साथ इन महापुरुषों का स्मरण करता है। बिठूर आज भी शौर्य व पराक्रम के लिए जानी जा रही है। रानी लक्ष्मीबाई भी हर किसी के लिए प्रेरणा बन गई। सीएम ने कहा कि आज ही भारत मां के वीर सपूत और युवाओं के प्रेरणास्रोत सरदार भगत सिंह, सुखदेव व राजगुरु का बलिदान दिवस भी है। इनके जीवन का लक्ष्य देश को गुलामी की बेड़ियों से मुक्त करना था। सीएम ने डॉ. राम मनोहर लोहिया की जयंती पर उन्हें भी याद किया।

नफरत रखने वालों ने कानपुर को वीरान कर दिया

मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी देश का मानचेस्टर कहा जाने वाला कानपुर टेक्सटाइल्स उद्यम के लिए माना जाता था, लेकिन जिनके मन में भारत और भारतीयता के प्रति नफरत थी, उन्होंने कानपुर की उद्यमिता को भी नष्ट करके रख दिया। यहां उद्योग बंद कर दिए गए, बेरोजगारी छाने लगी। जिस कानपुर की गिनती कभी देश के चार नगरों में होती थी, वह विरान सा हो गया। इसे कनेक्टिविटी से वंचित कर दिया गया। मां गंगा को प्रदूषित किया गया, एयरपोर्ट-उद्योग बंद हो गया। हर जगह लाचारी हो गई। जब कानपुर के साथ यह हो सकता है तो इन लोगों ने देश के साथ क्या नहीं किया होगा। अंग्रेज चले गए, लेकिन मानस उत्तराधिकारियों को देश लूटने के लिए छोड़ गए।मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 वर्ष में बदलते हुए कानपुर को देखा है। औद्योगिक वातावरण बनाने के लिए यहां फिर से मैन्युफेक्चरिंग कॉरिडोर, टेक्सटाइल्स के नए हब के रूप में विकसित करने के लिए फ्लेटेड फैक्ट्री का निर्माण कार्य चल रहा है। कानपुर दो-तीन महीने के अंदर रेडिमेड गारमेंट के नए केंद्र के रूप में फिर से विकसित होने जा रहा है। कानपुर फिर से एयरकनेक्टिविटी से जुड़ चुका है। कानपुर से दिल्ली समेत कई नगरों के बीच वंदे भारत प्रारंभ हो चुकी है। आउटर रिंग रोड हो या फिर लखनऊ-कानपुर के बीच ग्रीन फील्ड एक्सप्रेसवे का निर्माण। गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण के बाद पश्चिमी यूपी व पूर्वी यूपी की दूरी को कम करने में कानपुर से मदद मिलेगी। नए-नए इंफ्रास्ट्रक्चर का डवलपमेंट कानपुर के अंदर दिख रहा है। कानपुर अब वीरान और बिखरा नहीं, नए भारत के विकास-विरासत से जुड़ने वाले महानगर के रूप में दिख रहा है। 

यह लोग रहे मौजूद
विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना,पूर्व सांसद विनय सहस्रबुद्धे,मंत्री प्रतिभा शुक्ला,अजीत पाल, सांसद रमेश अवस्थी, महापौर प्रमिला पांडेय, जिला पंचायत अध्यक्ष स्वप्निल अरुण, विधायक अभिजीत सिंह सांगा, सुरेंद्र मैथानी, नीलिमा कटियार, महेश त्रिवेदी, सरोज कुरील, राहुल बच्चा सोनकर, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक आदि मौजूद रहे।

सीएम के हाथों इन्हें मिला चेक और नियुक्ति पत्र

 सीएम योगी आदित्यनाथ के हाथों विवेक यादव, सूरज कुमार, साबिया शेख, मनीषा कुशवाहा, प्रशांत सिंह को मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान का चेक, आंगनबाड़ी कार्यकत्री ज्योति देवी, नीलम गौतम, प्रीति सोनवानी, सोनम कुशवाहा, सपना देवी को नियुक्ति पत्र, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत संध्या दीक्षित, बीना देवी, राजरानी, सुषमा व रामसजीवन को स्वीकृति पत्र दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *